अपराध

एसएसपी के निर्देश पर राजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इनामी गैंग्सटर गिरफ्तार

देहरादून: राजपुर थाना पुलिस ने मुजफ्फरनगर के कुख्यात गैंग्सटर व इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार निवासी शांति नगर, भोपा रोड, कूकड़ा जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) लंबे समय से आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके विरुद्ध मुजफ्फरनगर व देहरादून के तीन थानों में गैंगस्टर सहित 24 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने विशाल से पिस्टल व कारतूस बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पिछले साल 22 जून को कमल जिंदल निवासी लक्ष्मण चौक ने राजपुर थाने में तहरीर दी कि विशाल कुमार नाम के व्यक्ति ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें राजपुर रोड पर एक जमीन दिखाई। जमीन बेचने के नाम पर आरोपी ने उनसे विभिन्न माध्यमों से 6.75 करोड़ रुपये ले लिए। आरोपियों ने न तो उनकी रकम लौटाई और न ही जमीन की रजिस्ट्री कराई। पूर्व में भी एक एनआरआइ महिला ने राजपुर थाने में आरोपी विशाल कुमार के विरुद्ध उनकी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था।
एसएसपी ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष राजपुर पीडी भट्ट को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल कुमार के विरुद्ध उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में गैंग्सटर व धोखाधड़ी के 24 मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मुकदमों में फरार चल रहा है। विवेचक प्रवीण सैनी ने विशाल कुमार के विरुद्ध न्यायालय से गैर जमानती वारंट हासिल किए। मंगलवार को पुलिस टीम ने आरोपी को आइटी पार्क क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। विशाल कुमार की क्रेटा कार को सीज कर दिया गया। वाहन की तलाशी के दौरान एक पिस्टल व कारतूस बरामद किए गए है।

26 साल पहले रखा अपराध की दुनिया में कदम
एसएसपी ने बताया कि आरोपी विशाल कुमार ने वर्ष 1998 में अपराध की दुनिया में कदम रखा। थाना कांधला, शामली में उसके विरुद्ध डकैती का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आर्म्स एक्ट, शराब तस्करी, हत्या के प्रयास, जाली दस्तावेज बनाकर जमीनों पर कब्जे करने के कई मुकदमे दर्ज हुए। आरोपित के विरुद्ध मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी, सिविल लाइन व देहरादून में शहर कोतवाली में गैंग्सटर के मुकदमे दर्ज किए गए। आरोपित के लगातार फरार चलने पर उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button