October 6, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

सिरफिरे ने 300 रुपये के लिए किए तीन मर्डर, हत्याकांड को अंजाम देने वाला गिरफ्तार

देहरादून: देहरादून में मंगलवार को सनसनीखेज मममला सामने आया है। महज 300 रुपये की मजदूरी के विवाद में सिरफिरे ने तीन जिंदगियां खत्म कर दी। रायपुर की विष्णु लोक कालोनी में मंगलवार दिनदहाड़े घर में पलंबिंग का काम करने आए आरोपी ने आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त अधिकारी और उनकी सेवानिवृत्त शिक्षिका पत्नी समेत पड़ोस में काम करने वाली नौकरानी की पेचकस से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी पहले विवाद के बाद घर से निकल गया। कुछ देर बाद लौटा और बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनने के बाद दंपती पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस के घर से बीच-बचाव करने पहुंची नौकरानी को भी उसने नहीं बख्शा। भाग रहे आरोपी को पड़ोसियों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

रायपुर स्थित तपोवन क्षेत्र की विष्णु लोक कालोनी में प्लमिंग का काम करने के लिए आरोपी राजकुमार निवासी इंद्रेश नगर सहारनपुर चौक देहरादून (मूल निवासी- बांदा थाना किरतपुर जिला-बिजनौर उत्तर प्रदेश) ने बुजुर्ग रमेश कपूर (80), उनकी पत्नी रजनी कपूर (75) और नौकरानी तिलया देवी उर्फ शीला (48) पर पेचकस से हमला कर दिया। लोगों ने तीनों को निजी वाहनों से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार आरोपी राजकुमार निवासी इंद्रेश नगर सहारनपुर चौक देहरादून (मूल निवासी- बांदा थाना किरतपुर जिला-बिजनौर उत्तर प्रदेश)को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। रमेश कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त थे जबकि रजनी कपूर आर्डिनेंस फैक्ट्री इंटर कालेज से ही बतौर प्रवक्ता सेवानिवृत्त हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक पुणे जबकि दूसरा दिल्ली रहता है। हत्याकांड की सूचना पर दोनों देहरादून आ रहे हैं।

About Author