October 7, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

भाजपा पार्षद के घर चोरी में शामिल एक गिरफ्तार, पुलिस ने किया चोरी का खुलासा

देहरादून: भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का वसंत विहार थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गिरोह के सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार के लिया है। वारदात में शामिल अन्य 04 आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि 30 सितंबर की सुबह महिपाल सिंह निवासी राज मार्केट बल्लीवाला चौक थाना वसंत विहार में तहरीर दी कि उनके घर पर काम करने वाले नौकर भरत थापा, जिसे उन्होंने दिल्ली की एक कम्पनी के माध्यम से घर में काम करने के लिये देहरादून बुलाया गया था, के द्वारा उनके खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर अपने अन्य साथियों के साथ घर में ज्वैलरी व नकदी चोरी कर ली है।

तहरीर के आधार पर थाना वसंत विहार में पुलिस टीम ने घटनास्थल व उसके आसपास आने जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरो का अवलोकन करते हुए घटना में शामिल अन्य आरोपियों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। घटना में आरोपी भरत थापा के साथ 04 अन्य आरोपियों के शामिल होने तथा आरोपियों द्वारा घटना में एचआर नम्बर की गाड़ी का इस्तेमाल किये जाने की जानकारी प्राप्त हुई। जानकारी के आधार पर पुलिस टीमों ने सम्भावित ठिकानों पर दबिश दी।

मंगलवार की रात्रि में थानाध्यक्ष अमित शर्मा व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल दिनेश सुनार निवासी पर्यावरण कॉम्पलेक्स, गली सी 33 डी, बालाजी अपार्टमेन्ट, दिल्ली को घटना में प्रयुक्त वाहन आर्टिका के साथ गिरफ्तार किया गया, जिससे पूछताछ में उसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ वसंत विहार क्षेत्र में एक घर में रहने वाले लोगो को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया जाना स्वीकार किया गया। आरोपी की तलाशी में उसके कब्जे से घटना में चोरी की गयी नकदी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया गया कि वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है तथा दिल्ली में टैक्सी चलाने का कार्य करता है। टैक्सी के काम की आड़ में वह नेपाली मूल के अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता है। उसके साथियों द्वारा लोगों के घरों में काम करने के बहाने घर की अच्छे से रैकी की जाती है तथा उसके पश्चात मौका देखकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। गिरफ्तार आरोपी अपनी टैक्सी के माध्यम से अपने साथियों को घटना स्थल तक लाने व घटना के बाद वापस ले जाने का काम करता था, जिसके एवज में उसे चोरी किये गये माल में से उसका हिस्सा मिलता था।

वसंत विहार में हुई घटना में भी आरोपी के साथियों द्वारा घटना के बाद उसे 50,000 रूपये नकद दिये थे तथा चोरी का माल बिक जाने के बाद बाकी का हिस्सा दिये जाने की बात कही थी। आरोपी से पूछताछ में उसके व भरत थापा के साथ घटना में शामिल 03 अन्य आरोपी आदित्य, अभिषेक व एलेक्स सभी निवासी नेपाली मूल के नाम प्रकाश में आये है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार गैर प्रान्तों व सभी सम्भावित स्थानों पर दबिशे दी जा रही है।

About Author