
देहरादून: पलटन बाजार में बालवीरों का विडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रसारित होने के बाद डोईवाला के बड़ी संख्या में समाजसेवी बालवीरों का सम्मान व मदद करने के लिए आगे आएं हैं। चमोली जिले के पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरिशंकर पोखरी के बाल वीरों और शिक्षकों के सम्मान में शुक्रवार को भानियावाला में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। डोईवाला और भानियावाला के प्रबुद्ध नागरिकों की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को जूते और अन्य उपहार भेंट किए गए। इस दौरान शिक्षकों को भी सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी और आयोजक मंडल के सदस्यों ने बालवीरों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के साहस, प्रतिभा और उपलब्धियों को पहचानकर उनका उत्साह बढ़ाना समाज की जिम्मेदारी है। बच्चों को प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।

समाजसेवी राजन गोयल ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा, साहस और उपलब्धियों को सम्मान देना हम सभी का दायित्व है। जब समाज बच्चों की हौसलाअफजाई करता है, तो उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि हरिशंकर पोखरी विद्यालय के बाल वीरों और शिक्षकों का सम्मान करना सराहनीय पहल है। बच्चों का उत्साह बढ़ाने के साथ शिक्षकों के समर्पण और मेहनत को पहचानना भी जरूरी है। ऐसे आयोजनों से शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिलता है।
गुरुद्वारा प्रधान गुरदीप सिंह ने कहा कि बच्चों के साहस और प्रतिभा को पहचानकर सम्मानित करना प्रेरणादायी कदम है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों का मनोबल बढ़ाते हैं और उनमें अच्छे कार्य करने की भावना विकसित करते हैं। डॉ. ममता कुमार, मनोज नौटियाल और विक्रम सिंह नेगी ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर राजेश कुमार, गगन गोयल, मनीष यादव, रविंद्र बेलवाल, हिमांशु राणा, ईश्वर रौथान, रानी गोयल, मोनिका, कुसुम सिद्धू, गुड्डू मिश्रा, सुखदेव चौहान, पवन बिजनौर और अमन गोयल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।



