अपराध

चार्ज संभालते ही एक्शन में आए कप्तान मणिकांत मिश्रा, रेशमबाड़ी प्रकरण के फरार आरोपी को मुठभेड़ में दबोचा

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दाहिने पैर में लगी गोली, तमंचा और कारतूस बरामद; जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के नए कप्तान मणिकांत मिश्रा ने चार्ज संभालते ही अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। जिले में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। इसका असर शनिवार को रुद्रपुर में देखने को मिला, जहां रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड की हत्या करने वाले लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर में फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में
रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर की तलाश में जुटी थी। शनिवार, 28 नवंबर को पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी और पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (25) पुत्र पप्पू निवासी रेशमबाड़ी, रुद्रपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अभियान जारी रखने की बात कह रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button