
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चाओं में है। इस मामले में अपना पक्ष रखने और गिरफ्तारी देने दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य राजपुर थाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है। इसके लिए मामले से जुड़े सभी लोगों का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए, ताकि पूरे प्रकरण की वास्तविकता सामने आ सके।
विनोद आर्य ने कहा कि वह खुद अपना नार्को टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही उनके बेटे पुलकित आर्य, अंकिता के माता-पिता और पुष्पदीप का भी नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि सभी संबंधित लोगों का नार्को टेस्ट होता है तो मामले से जुड़े तथ्यों और सच्चाई को सामने लाने में मदद मिल सकती है।
गुरुवार को राजपुर थाने पहुंचने के दौरान विनोद आर्य ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना चाहिए और इस पूरे प्रकरण में किसी भी तरह की सच्चाई छिपी नहीं रहनी चाहिए।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश में लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठते रहे हैं। मामले में वीआईपी की भूमिका से लेकर जांच के विभिन्न पहलुओं पर भी समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में विनोद आर्य की ओर से सभी संबंधित लोगों के नार्को टेस्ट की मांग ने एक बार फिर इस संवेदनशील प्रकरण को चर्चा में ला दिया है। बता दें कि प्रेस कांफ्रेंस कर हत्याकांड से जुड़ी चैट को विनोद आर्य ने सार्वजनिक कर दिया था, इस मामले में राजपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज हुई है।




