अपराध

एसएसपी दून के नेतृत्व में अपराधियों पर दून पुलिस का कसता शिकंजा, करोड़ों की धोखाधड़ी में दो गिरफ्तार

फर्जी दस्तावेज तैयार कर कराई थी जमीन की रजिस्ट्री, राजपुर पुलिस ने आईटी पार्क के पास से दबोचा

देहरादून। जमीनों की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी का एक और गंभीर मामला सामने आया है। असली भूमि स्वामी की जगह फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री कराने और करोड़ों रुपये हड़पने के आरोप में राजपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने जमीन बेचने के नाम पर वादी से करोड़ों रुपये की रकम ले ली थी। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपित फरार हो गए थे।

राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को सहस्रधारा रोड निवासी करन शर्मा ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय त्यागी समेत अन्य लोगों ने भूमि विक्रय के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी की। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार किए और रजिस्ट्री के दौरान असली भूमि स्वामी के स्थान पर एक नकली व्यक्ति को खड़ा कर दिया। इसके बाद वादी की पत्नी के पक्ष में भूमि की रजिस्ट्री करा दी गई। इस पूरे खेल के जरिए आरोपियों ने करोड़ों रुपये की धनराशि धोखाधड़ी से प्राप्त कर ली।

पीड़ित के मुताबिक, जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से फरार आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मंगलवार को आईटी पार्क के पिछले गेट के पास धोरण रोड से संजय त्यागी और परविंदर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ विवेचना के दौरान आईपीसी की धारा 120बी भी बढ़ाई गई है।

ये हुए गिरफ्तार

पुलिस ने संजय त्यागी पुत्र सालिक चंद्र त्यागी निवासी फ्लैट नंबर 10, महादेव अपार्टमेंट, गैस गोदाम, थाना राजपुर और परविंदर कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी राजेश्वर नगर, लेन नंबर छह, सहस्रधारा रोड को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में आईटी पार्क चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, कांस्टेबल अमित, विशाल और रोबिन शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button