हल्द्वानी: रिश्वतखोरों के खिलाफ विजिलेंस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। विजिलेंस ने अब रिटायर्ड कर्नल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई कि वह सेवानिवृत सैन्य कर्मी है तथा उपनल के माध्यम से सैनिक कल्याण विभाग में कार्य करता है। उनका 11 महीने का अनुबंध होता है। अनुबंध की समय सीमा बढ़ाने के लिए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बागेश्वर (सेवानिवृत कर्नल) सुबोध शुक्ला की ओर से 50,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत पर विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की ओर से गोपनीय जाँच कराई गई। प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर तत्काल ट्रैप टीम का गठन किया गया, टीम ने नियमानुसार कार्यवाही करते हुए शनिवार को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बागेश्वर सुबोध शुक्ला (सेवानिवृत कर्नल) मूल निवासी रामपुर, पो. विरसिंघपुर, पाली, बांधीगढ़ जिला उमरिया, मध्य प्रदेश को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय बानेश्वर से गवाहों के समक्ष रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। इस प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कर जांच की जा रही है।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी मुरुगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार में पुरस्कृत करने की घोषणा की है। वहीं आमजन से अपील की है कि यदि कोई राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त अधिकारी व कर्मचारी, अपने पदीय कार्य के सम्पादन में किसी प्रकार का दबाव बनाकर रिश्वत की मांग करता है तथा उसके द्वारा आय से अधिक अवैध सम्पत्ति अर्जित की गयी हो, तो इस सम्बन्ध में विजिलेंस के टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर-1064 एवं Whatsapp हेल्पलाइन नम्बर 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में निर्भीक होकर सूचना दें।

More Stories
हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज,मंच से दी थी गालियां
106 दारोगाओं के ट्रांसफर, कुछ मैदान कुछ चढ़ेंगे पहाड़
पीएम दौरे से पहले दून से पकड़ा गया पाक एजेंट, आतंकियों को भेज रहा था लोकेशन व फ़ोटो