
देहरादून: सहस्रधारा रोड स्थित एटीएस हेवनली फुटहिल्स कालोनी के बाहर बिल्डर की ओर से निर्माणाधीन बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने के मामले में रायपुर थाना पुलिस ने बिल्डर पुनीत अग्रवाल के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक बिल्डर पंकज मित्तल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब मृतक के हाथ से लिखे व टाइप किए सुसाइड नोट की जांच कर रही है।
मूल रूप से गोबिंदगढ़ जिला फतेहगढ़ साहिब पंजाब निवासी अजय मित्तल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पंकज मित्तल इन दिनों एटीएस कालोनी में निवास कर रहे थे। वह एटीएस कालोनी के बाहर झारखंड के किसी अधिकारी के निर्माणाधीन बहुमंजिला होटल पर काम कर रहे थे। होटल का कांट्रेक्ट एटीएस कालोनी में रहने वाले बिल्डर पुनीत मित्तल ने लिया हुआ है। रविवार मध्यरात्रि रात 2 बजकर 18 मिनट पर पकंज मित्तल ने अपने परिचितों को व्हाट्सएप पर करीब चार पन्नों का संदेश भेजा। इसके बाद निर्माणाधीन होटल की पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। गंभीर स्थिति में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि उनके भाई पंकज मित्तल ने मौत का जिम्मेदार पुनीत अग्रवाल को बताया है। पंकज मित्तल से उनका व्यापारिक लेनदेन था। पुनीत अग्रवाल उनके भाई को मानसिक तौर पर लगातार प्रताड़ित करता आ रहा था। परेशान होकर पंकज मित्तल को आत्महत्या जैसा कदम उठाना पड़ा।




