देहरादून। दून पुलिस को गुरुवार तड़के बड़ी सफलता हाथ लगी, जब नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के अनुसार नयागांव चौकी बैरियर पर नाकेबंदी और सघन चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारकर वाहन को सेलाकुई की ओर भगा दिया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपी चांदनी चौक होते हुए भूरपुर की तरफ भाग निकले।
रामगढ़ के रपटे के पास बदमाश कार छोड़कर नदी की ओर भागने लगे। पीछा कर रही पुलिस टीम पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश रिंकू मीणा के पैर में गोली लग गई। दूसरा आरोपी विनोद मीणा को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। घटना के बाद तीन अन्य फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं। घायल रिंकू मीणा को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिंकू मीणा (30) निवासी दौसा और विनोद कुमार मीणा (32) निवासी करौली, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखा, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विनोद मीणा का भी लंबा आपराधिक इतिहास है। पुलिस फरार साथियों की तलाश के साथ दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

More Stories
Big Breaking: दून पुलिस की दिल्ली में स्ट्राइक, कोकीन सप्लायर गिरफ्तार
अंतरराष्ट्रीय ड्रग रैकेट का पर्दाफाश, कोबरा गैंग के दो विदेशी समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
अवैध रूप से बनाई मजार पर चला बुलडोजर, सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण