देश विदेश

कोरोनाकाल में कर्तव्यनिष्ठा से बनाई पहचान, अब केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से होगा सम्मान

देशभर के 490 पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों का चयन, चंबा (टिहरी) के मूल निवासी लोकेन्द्र बहुगुणा ने श्रीनगर में भी अपनी शानदार पुलिसिंग से बनाई अलग पहचान

देहरादून। कोरोना काल में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव से लोगों का दिल जीतने वाले उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा को अब राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। उनका चयन वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए हुआ है। देशभर में पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 490 अधिकारियों और कर्मचारियों को इस सम्मान के लिए चुना गया है।

मूल रूप से चंबा, टिहरी गढ़वाल निवासी उपनिरीक्षक लोकेन्द्र बहुगुणा वर्तमान में देहरादून स्थित सीबीसीआईडी में तैनात हैं। इससे पूर्व वह श्रीनगर कोतवाली में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यहां तैनाती के दौरान उन्होंने अपनी कार्यशैली, अपराध नियंत्रण, विवेचना और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार से अलग पहचान बनाई थी। उनकी कार्यकुशलता और सक्रिय पुलिसिंग की स्थानीय स्तर पर भी सराहना होती रही है।

कोरोनाकाल के दौरान भी बहुगुणा की कर्तव्यनिष्ठा चर्चा में रही थी। उस मुश्किल दौर में पुलिस की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने जिस समर्पण और सेवाभाव का परिचय दिया, उसे लोगों ने खूब सराहा था। अब राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित सम्मान के लिए उनका चयन उनकी इसी कार्यशैली और पुलिस सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण प्रतिफल माना जा रहा है।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक फरवरी 2024 को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक की अधिसूचना जारी की थी। इस सम्मान का उद्देश्य पुलिस, सुरक्षा एवं अन्य संबंधित सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान को पहचान देना है। इसके तहत ऑपरेशन में उत्कृष्टता, विवेचना, असाधारण प्रदर्शन, खुफिया सेवाओं और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button