अपराध

लाठीचार्ज करने पर दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, वायरल वीडियो का एसएसपी ने लिया संज्ञान

देहरादून: प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम केहरी गांव और आसपास के इलाके में भारी यातायात दबाव के चलते जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। जांच में सामने आया कि गांव के पास स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के बाहर बड़ी संख्या में वाहन अव्यवस्थित ढंग से खड़े थे, जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो रहा था।

पुलिस ने मौके पर खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान संस्थान के बाहर सड़क पर खड़े छात्र-छात्राओं को भी हटने के निर्देश दिए गए, ताकि जाम खुल सके और आवागमन सामान्य हो सके। अधिकांश छात्र-छात्राओं ने पुलिस की बात मानते हुए सहयोग किया और मौके से हट गए।
हालांकि, इसी दौरान एक-दो युवकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए अनावश्यक बहस शुरू कर दी और पुलिस कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए हालात को नियंत्रित किया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया।

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने वीडियो में नजर आ रहे पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक राजपत्रित अधिकारी को जांच सौंपी गई है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button