अपराध

भाई की ज़मानत कराने के चक्कर में बहन बनी नशा तस्कर, पुलिस जाल में ऐसे फंसी

उधमसिंगनगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उधमसिंगनगर पुलिस की नशा तस्करों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर जिला पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को पुलिस को बड़ी सफलता हासिल की है। गदरपुर पुलिस ने एक युवक और एक युवती को 20 ग्राम से अधिक स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार की गई युवती अपने जेल में बंद भाई की जमानत कराने के लिए नशा तस्करी कर रही थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में गदरपुर थाना पुलिस टीम शुक्रवार को बकैनिया, सकैनिया क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल (UK 18T 4849) पर सवार एक युवक और एक युवती को रोककर पूछताछ की गई। पुलिस को देखकर वह घबरा गए, जिससे शक गहराया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम संजीव राजपूत (20 वर्ष), निवासी चिड़ीपुरा, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश जबकि युवती की पहचान परमजीत कौर (26 वर्ष) निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान संजीव राजपूत के पास से 9.62 ग्राम स्मैक और परमजीत कौर के पास से 10.58 ग्राम स्मैक (कुल 20.2 ग्राम अवैध स्मैक) बरामद हुई। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि जांच में सामने आया कि परमजीत कौर का बड़ा भाई राजेंद्र सिंह उर्फ राजू पूर्व में भी कई संगीन अपराधों और नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद है। परमजीत कौर ने बताया कि उसके भाई राजेंद्र उर्फ राजू के जेल जाने के बाद उसने स्मैक बेचने और कारोबार बढ़ाने के लिए संजीव राजपूत को अपने साथ रखा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने भाई की जमानत कराने के लिए यह आपराधिक कृत्य कर रही थी।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जसवीर चौहान, उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार (प्रभारी चौकी सकैनिया), उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, कांस्टेबल नवीन राम, जीवन फुलेरा, कैलाश राम, महिला कांस्टेबल पार्वती गोस्वामी और किरन कंबोज शामिल थीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button