September 24, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

रिश्ता टूटने का डर बना खूनी वजह, पति ने पत्नी को मार डाला, गिरफ्तार

देहरादून: क्लेमेनटाउन क्षेत्र में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तलाक देने की तैयारी करने की भनक लगने पर आरोपी पति के सिर पर खून सवार हो गया। पत्नी की हत्या करने के लिए वह सहारनपुर से तमंचा खरीदकर लाया और सोती हुई पत्नी के सिर पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी से तमंचा व कारतूस भी बरामद कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि 21 सितंबर की सुबह एक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम में फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद फोन स्विच आफ कर फरार हो गया। सूचना पर सीओ सदर अंकित कंडारी और थानाध्यक्ष लोकपाल परमार पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मृतक महिला की पहचान काजल निवासी सुभाषनगर, क्लेमेनटाउन के रूप में हुई। पुलिस ने काजल के पति धीरज पंवार की तलाश की, लेकिन वह मोबाइल बंद करके फरार हो गया था। काजल के भाई की तहरीर पर धीरज पंवार के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्लेमेनटाउन व एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आरोपी के घर मेघा शर्करपुर, मुजफ्फरनगर में भी दबिश दी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा। बुधवार रात को पुलिस ने आरोपित धीरज पंवार को क्लेमेनटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

घर में नहीं घुसने दे रही थी पत्नी
पूछताछ में धीरज ने बताया कि काजल से उसका विवाह 12 साल पहले हुआ था। शादी के बाद से ही वह अपना घर छोड़कर पत्नी व बच्चों के साथ सुभाषनगर, देहरादून में पत्नी के मायके में रहता था। पिछले एक वर्ष से उसका काजल के साथ मतभेद चल रहा था व कई बार इस बात को लेकर काजल ने उसे अपमानित भी किया था। पिछले तीन माह से काजल उसे घर में नहीं घुसने दे रही थी और एक माह पूर्व उसे जानकारी मिली कि काजल उसे तलाक देने की तैयारी कर रही है।

दरवाजा तोड़ा और सिर पर दागी गोली
एसएसपी ने बताया कि धीरज ने पत्नी काजल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने सहारनपुर से तमंचा खरीदा और घटना से पूर्व रात्रि में वह सहारनपुर से देहरादून पहुंचा। आरोपी घटनास्थल के आसपास ही एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में छिपकर रेकी करने लगा। सुबह के समय मौका देखकर वह घर में लगे टिन के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसा और गहरी नींद में सो रही पत्नी पर दो फायर करते हुए मौत के घाट उतार दिया।

About Author