
देहरादून: पर्वतीय क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा के निकट पहुंच गया है। प्रशासन ने गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंंगा के तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। त्रिवेणी घाट पर सुरक्षा की दृष्टि से एसडीआरएफ व पुलिस बल की तैनाती की गई है।

शनिवार रात को अचानक गंगा का जलस्तर 339.12 मीटर तक पहुंच गया था, जो ऋषिकेश में गंगा के चेतावनी निशान 339.50 मीटर से महज 38 सेंटीमीटर नीचे था। केंद्रीय जल आयोग की ऋषिकेश चौकी के मुताबिक जलस्तर में प्रतिघंटा 10 सेमी तक की वृद्धि हो रही है। जिससे देर रात तक गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा तक भी पहुंच सकता है।

गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने भी गंगा के तटीय इलाकों मे अलर्ट जारी कर दिया है। गंगा के निकट रह रहे लोगों को सचेत रहने की सलाह दी जा रही है। वहीं त्रिवेणी घाट तथा अन्य सार्वजनिक घाटों पर श्रद्धालुओं को आचमन व स्नान के लिए जाने से रोका जा रहा है। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर पुलिस व एसडीआरएफ को तैनात किया गया है। शनिवार शाम को ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर गंगा का पानी आरती स्थल तक पहुंच गया, जिससे श्री गंगा सभा के साथ श्रद्धालुओं ने गंगा आरती पानी में ही खड़े रहकर की। लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए श्री गंगा सभा को भी आरती स्थल बदलने के लिए कहा गया है। उधर, मुनिकीरेती, लक्ष्मणझूला व स्वार्गाश्रम क्षेत्र में भी पक्के गंगा घाट जलमग्न होने लगे हैं।




