भीमताल: एक शादी समारोह में उस समय अफरा तफरी मच गई जब अज्ञात शख्स ने फायरिंग कर दी। गोली दूल्हे की पीठ को रगड़ते हुए निकल गई। इससे वहां अफरातफरी मच गई। वैवाहिक कार्यक्रम रोक दिए गए। घायल दूल्हे को पाटी (चंपावत) में प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया है। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है। गोली किसने चलाई, इसका पता नहीं चल सका है। सोमवार को देवीधुरा (चंपावत) निवासी दीवान सिंह के बेटे विजय लमगड़िया की बरात सुनकोट निवासी राम सिंह बोहरा के यहां आई थी। दोपहर करीब एक बजे बरात लड़की के घर पहुंची। स्वागत के बाद बराती खाना खाने लगे। वहीं दूल्हा और दुल्हन को जयमाला के लिए घर की छत पर ले जाया गया। वहां जयमाला के साथ दूल्हा-दुल्हन की फोटोग्राफी चल रही थी। दोपहर दो बजे अचानक गोली चली जो दूल्हे विजय की पीठ को छूते हुए निकल गई। गोली लगने से विजय घायल हो गया। इससे शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। परिवारजन घायल दूल्हे को अस्पताल ले जाने के लिए चल पड़े।
करीब दो किमी पैदल चलकर दूल्हा सड़क तक पहुंचा, जहां से उसे पाटी (चंपावत) के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी के एसटीएच के लिए रेफर कर दिया। जयमाला के दौरान गोली लगने और दूल्हे के घायल होने पर खुशियों भरा माहौल एक पल में बदल गया। दुल्हन के पिता राम सिंह बेहोश हो गए तो दुल्हन का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

More Stories
चंपावत सामूहिक दुष्कर्म की घटना निकली फर्जी, बदले की भावना में रचा षड़यंत्र
हाईटेक नकल गिरोह का सरगना दबोचा, ग्रेड पे के हिसाब से वसूलता था रकम
राहुल गांधी का राजनीतिक सहयोगी बनकर देशभर में ठगी,दून पुलिस ने दबोचा