देहरादून। सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला में भाजपा नेता हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अमन समेत तीन अभियुक्तों को हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या बढ़कर 09 हो गई है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
13 जून की शाम सहसपुर के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी छोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। एक पक्ष के कई लोगों ने अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां भाजपा नेता विनोद कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी परमेंद्र डोबाल ने अलग-अलग पुलिस टीमों और एसओजी को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया। शुरुआती कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
फरार मुख्य आरोपी अमन और उसके साथियों की तलाश में पुलिस लगातार उत्तराखंड के साथ अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही थी। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस ने हरियाणा के यमुनानगर हाईवे स्थित एक होटल से मुख्य आरोपी अमन के साथ सावेज और आजम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न राज्यों में अभियान चलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई में कोतवाली सहसपुर पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

More Stories
सतपुली-पौड़ी मार्ग पर इनोवा पर टूटा ‘पहाड़’, SDRF ने छह जिंदगियों को बचाया
हरिद्वार में 54 करोड़ भूमि घोटाले में विजिलेंस का पांच शहरों में एक साथ आठ टीमों का छापा
लाइक-कमेंट्स के चक्कर में ADG का बनाया डांस वाला वीडियो, STF ने किया गिरफ्तार