Uttarakhand Weather Update: आज देहरादून, पौड़ी सहित इन सात जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी, पर्वतीय जिलों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा

देहरादून: मौसम विभाग ने दो अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत व ऊधमसिंहनगर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी रहेगा। उत्तराखंड में जुलाई में 404.4 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से तीन फीसदी कम है। बागेश्वर में सर्वाधिक 888.4 एमएम बारिश के साथ 224 फीसदी अधिक बारिश हुई। चमोली 87 फीसदी अधिक बारिश के साथ दूसरे नंबर पर रहा। हालांकि, चम्पावत में सामान्य से 60, नैनीताल में सामान्य से 36, ऊधमसिंहनगर में सामान्य से 41 फीसदी कम बारिश हुई है। अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, पिथौरागढ़ जिलों में अच्छी बारिश हुई है।
दून में रविवार को अधिकतम तापमान 27.9 रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य था। दून में रविवार को 67 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। दून, मसूरी समेत जिले के आसपास के इलाकों में शनिवार रात से जमकर बारिश हो रही थी, जो रविवार सुबह व दिन में भी जारी रही। पिछले 24 घंटे में झाझरा में 72.5, सुद्दोवाला में 71, मोहकमपुर 38.3, करनपुर में 57, सहस्त्रधारा में 28, जौलीग्रांट में 23.2, सहसपुर में 19 एमएम बारिश हुई। दून में छह अगस्त तक बारिश का अनुमान है।




