सड़क हादसा

उत्तराखंड में दो बड़े सड़क हादसे, 12 लोगों की मौत, ऋषिकेश व रुद्रप्रयाग में हुए हादसे

देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह दो बड़े सड़क हादसों ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश के निकट गूलर में यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे नदी के गदेरे में जा गिरी। वहीं, रुद्रप्रयाग के पोखरी क्षेत्र में बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। दोनों दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं। रुद्रप्रयाग हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि गूलर बस दुर्घटना में राहत एवं बचाव कार्य जारी है। शुरुआती सूचनाओं के आधार पर दोनों हादसों में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

पहला हादसा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के समय बस में लगभग 30 से 35 लोग सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में 08 यात्रियों की मौत हुई है। करीब 20 घायलों को बस से बाहर निकाल लिया गया है। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं। बस में सवार अन्य यात्रियों की तलाश की जा रही है।

रुद्रप्रयाग में बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत

दूसरा बड़ा हादसा रुद्रप्रयाग जिले में बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर हुआ। पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रही बोलेरो देर रात अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में नौ से दस लोगों के सवार होने की सूचना थी।

सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला।

इस हादसे में कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), सूरत सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई। चारों रांसी और आसपास के गांवों के निवासी थे।

हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। इनमें उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (56) को सामान्य चोटें आई हैं। वहीं लविश राणा (25), आठ वर्षीय वंशिका, उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर हायर सेंटर रेफर किया गया है।

दोनों हादसों के बाद पर्वतीय मार्गों पर यातायात और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रुद्रप्रयाग में दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि गूलर में बचाव अभियान जारी है। गूलर हादसे में मृतकों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button