अपराध

छोटी से गलती से इन युवक-युवतियों का सपना हो सकता है चूर-चूर, भूल से भी ना करें यह गलती

देहरादून: सरकारी नौकरी को लेकर सड़कों पर उतरे कुछ युवक-युवतियों का सपना चूर-चूर हो सकता है। उत्तराखंड पुलिस आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढाने व महिलाओं के पदों पर भर्ती करने की मांग को आंदोलन कर रहे उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बाबी पंवार सहित 85 युवक-युवतियों के विरुद्ध डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया है। मांगों को लेकर बेरोजगार युवक-युवतियाें ने शनिवार को हाथीबड़कला बैरियर पर जाम लगा दिया था और मुख्यमंत्री आवास कूच करने का प्रयास किया। ऐसे में अब भविष्य में यह युवक-युवतियां शायद ही किसी भर्ती में हिस्सा ले सकेंगे।

एसएसआइ डालनवाला कोतवाली गुमान सिंह नेगी ने बताया कि नौ नवंबर को उन्हें सूचना मिली कि हाथीबड़कला राजपुर रोड स्थित बैरियर पर उत्तराखंड बेरोजगार संगठन के उपाध्यक्ष राम कंडवाल निवासी वार्ड मानपुर कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल ने अपने साथियों के साथ रोड जाम कर दिया है। सूचना पर वह पुलिस फोर्स के साथ हाथीबड़कला बैरियर पर पहुंचे तो वहां पर राम कंडवाल अपनी साथी बाबी पंवार, अखिल तोमर, पीयूष जोशी, विशाल चौहान, सुरेश सिंह, नितिन दत्त, भूपेन्द्र कोरंगा, जयपाल चौहान, विनोद चौहान, मोहित, नीरज तिवारी, कुसुम लता बौड़ाई, सचिन पुरोहित, संजय सिंह, अरविन्द पंवार, दिव्य चौहान, डिम्पल नेगी, विरेन्द्र चिरवान, रेनू, प्रियांशी, बिट्टू वर्मा, पूनम कैन्तूरा, अभिषेक सिंह, दीपक सिंह व अन्य युवक-युवतियां उत्तराखंड पुलिस आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने व महिलाओं के पदों पर भर्ती किए जाने के संबंध में उग्र आंदोलन किया जा रहा है।

बेरोजगार संघ के कार्यकर्ताओं की ओर से रोड को पूर्ण रूप से जाम करते हुए बैरियरों को तोड़ने का प्रयास किया गया। इस कारण रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिसमे बुजुर्ग, स्कूली बच्चे, एंबुलेंस बुरी तरह फंस गए। इससे यातायात पूर्णतया बाधित हो गया, जिस कारण आमजन अपने गंतव्य स्थान को नहीं जा पाए। आम जनमानस की परेशानी को देखते हुए राम कंडवाल व उसके साथियों से वार्ता करने का प्रयास किया गया लेकिन राम कंडवाल ने जबरदस्ती लगातार बैरियर पार कर अपनी मांगो को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच करने का प्रयास किया। काफी समझाने पर भी उन्होंने मौके पर नियुक्त पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किया।

तमाम प्रयासों के बावजूद जब युवक-युवतियां बात नहीं माने तो उन्हें सरकारी वाहनों में बिठाकर धरनास्थल से अलग स्थान पर ले जाने का प्रयास किया गया तो उन्होंने सरकारी बस का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिसकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें रोका। डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज नैनवाल ने बताया कि 25 युवक-युवतियों के विरुद्ध नामजद व 60 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

कुछ लोगो की ओर से राजनीति से प्रेरित होकर युवाओं को अनावश्यक रूप से इस प्रकार के विरोध प्रदर्शनों में शामिल किया जा रहा है, जिसमें पुलिस कार्यवाही के दौरान असामाजिक तत्वों के साथ साथ युवाओं के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज होने की दशा में भविष्य में उनके किसी भी प्रकार की सरकारी सेवा में शामिल होना एक सपना बनकर रह जाता है। सभी युवाओं से अपील है कि कृपया अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार के राजनैतिक बहकावे में न आए। अपनी किसी भी मांग व बात को सवैंधानिक व लोकतांत्रिक तरीके से पूरी शालीनता से संबंधित प्लेटफार्म पर रखने का सभी युवाओं व आम जनमानस को पूरा अधिकार है।

एसएसपी देहरादून अजय सिंह।
  • अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button