
देहरादून: दून में बाल अपराध के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। एक और प्रतिष्ठित स्कूल में 10वी की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना स्कूल परिसर में दोपहर की छुट्टी के समय घटित हुई। सभी बच्चे बाहर निकल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान 12वीं का एक छात्र 10वीं की छात्रा को जबरन योगा क्लास के भीतर ले गया और उससे दुष्कर्म का प्रयास किया।
स्कूल गेट के बाहर बेटी का इंतजार कर रहे पिता जब उसे तलाशने भीतर पहुंचे तो बेटी की रोने की आवाज सुनी। स्कूल स्टाफ व पिता ने छात्रा को सकुशल छुड़ाकर आरोपित को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। छात्र के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी छात्र नाबालिग है, ऐसे में उसे देर शाम ही किशोर न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि राजपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इससे पूर्व दून के एक अन्य प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूल में कुछ दिन पूर्व भी असोम के एक आठवीं कक्षा के छात्रा के साथ पांच छात्रों की ओर से रैगिंग व उत्पीड़न का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने छात्र व उसके पिता के बयान वीडियो काल से दर्ज कर लिए हैं, लेकिन अभी मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। पीड़ित छात्र के पिता असोम में पुलिस अधिकारी हैं। पुलिस ने पीड़ित छात्र व उसके पिता को देहरादून बुलाया है।




