अपराध

स्कूटी चालक ने सिपाही को टक्कर मारकर 200 मीटर तक घसीटा

देहरादून: राजधानी देहरादून में वाहन चालकों की दबंगई बढ़ती जा रही है। वह अब पुलिसकर्मियों को भी नहीं बख्श रहे। एक माह के अंदर पुलिसकर्मी को वाहन से घसीटने की दूसरी घटना सामने आई है। सोमवार को घंटाघर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे सिपाही को एक तेज रफ्तार स्कूटी चालक ने टक्कर मार दी। इसके बाद चालक सिपाही को 200 मीटर घसीटता हुआ आगे तक ले गया और फिर फरार हो गया। घटना में घायल सिपाही को आसपास के लोग धारा चौकी लेकर पहुंचे, जहां उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया।

चौकी प्रभारी धारा हर्ष अरोड़ा ने बताया कि मंगलवार शाम को चौकी में तैनात सिपाही संतोष पंवार महिला दारोगा के साथ घंटाघर पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान घंटाघर की तरफ से राजपुर रोड की तरफ तेजी से आ रहे एक स्कूटी चालक को रोकने का प्रयास किया, क्योंकि चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। स्कूटी चालक ने रुकने की बजाए तेजी से भगाने लगा। सिपाही ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह सिपाही को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। चोटें लगने के बाद सिपाही सड़क पर गिर गया और आरोपित फरार हो गया।

वहां मौजूद महिला दारोगा ने स्कूटी का नंबर नोट कर दिया, जिसके आधार पर आरोपित को राजपुर रोड से पकड़ा गया। आरोपित की पहचान शिवम गुप्ता निवासी निकट रिस्पना पुल के रूप में हुई है। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
सीपीयू के सिपाही पर किया था कार चढ़ाने का प्रयास
गत तीन अगस्त को दर्शन लाल चौक पर तैनात सीपीयू के सिपाही केशर मुस्तफा जैदी पर भी कार चालक ने कार चढ़ाने का प्रयास किया था। सिपाही ने खतरे को भांपते हुए बोनट पर छलांग लगा दी और वाइपर पकड़ लिए। इसके बाद आरोपित कार चालक कार को जिक जैक करते हुए और ब्रेक मारते हुए आगे ले गया। करीब 30 मीटर पर अन्य वाहन चालकों ने उसे पकड़ लिया और धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित की पहचान शादाब निवासी ब्रह्मपुरी पटेल नगर के रूप में हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button