May 27, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

सस्ते रेट पर डॉलर बेचने का झांसा देकर डाली डकैती, तीन पुलिसकर्मी सहित 07 गिरफ्तार

देहरादून: सस्ते रेट पर डॉलर दिलाने के नाम पर रुपयों से भरा बैग लूटने वाले तीन पुलिसकर्मियों सहित सात आरोपितों को दून पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दो आईआरबी के जवान औऱ एक प्रेमनगर थाना पुलिस का सिपाही शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के अनुसार यशपाल सिंह असवाल निवासी आदर्श ग्राम, ऋषिकेश ने थाना प्रेमनगर में तहरीर दी कि वह प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करते हैं तथा कुछ समय पूर्व उनकी मुलाकात कुंदन नेगी निवासी चमोली से हुई थी। नेगी ने बताया कि उनके परिचित राजेश रावत, राजेश चौहान, तथा राजकुमार चौहान निवासी मोरी उत्तरकाशी के पास लगभग 20 हजार डालर रखे हुए हैं, जिन्हें उसे कम दाम बदलवाना है।

नेगी ने उन्हें विश्वास में लेते हुए डालर का सौदा करीब आठ लाख रुपए में तय कराया। शिकायतकर्ता ने बताया कि 31 जनवरी को कुंदन नेगी के कहने पर वह डालर का सौदा करने 7.50 लाख की रकम लेकर बालाजी मंदिर झाझरा के पास पहुंचे, जहां उन्हें राजेश रावत, राजेश चौहान, राजकुमार चौहान तथा एक अन्य व्यक्ति हसीन उर्फ अन्ना मिला। इस बीच आपस में बात करने के दौरान अचानक वहां दो व्यक्ति आ गए, जो खुद को पुलिसकर्मी बता रहे थे। उनमें से एक व्यक्ति वर्दी में तथा एक सादे कपड़ो में था। आरोपितों ने उन्हें डरा धमकाकर उनके पास रखा रुपए का बैग छीन लिया तथा उनके साथ मारपीट और गली गलौच करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया। तहरीर के आधार पर तत्काल थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रेमनगर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जानकारियां एकत्रित की तथा घटना में शामिल तीन पुलिसकर्मियों सहित कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए उनसे 2.30 लाख रुपये नकद व 500 डालर बरामद किए गए हैं। आरोपितों की पहचान अब्दुल रहमान निवासी जलालपुर पोस्ट टोडा कल्याणपुर थाना रूड़की हरिद्वार वर्तमान तैनाती आईआरबी द्वितीय झाझरा प्रेमनगर, सालम निवासी- डोबरी थाना-सहसपुर वर्तमान तैनाती आईआरबी द्वितीय झाझरा प्रेमनगर, इकरार निवासी नैहनपुर लक्सर हरिद्वार वर्तमान तैनाती थाना प्रेमनगर, राजकुमार निवासी जोटाड़ी पोस्ट टीकोची थाना मोरी उत्तरकाशी, राजेश रावत निवासी माकुड़ी पोस्ट टिकोची थाना मोरी उत्तरकाशी, कुंदन सिंह नेगी निवासी नंदा नगर चमोली और राजेश कुमार चौहान निवासी कांडा तहसील अरहाल थाना रोहड़ू जिला शिमला के रूप में हुई है। सातों के विरुद्ध डकैती की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।

About Author