कूड़ा उठान में अब नहीं चलेगा कोई बहाना, DM ने कंपनियों को दी अंतिम चेतावनी

देहरादून: कभी वाहन खराब होने का बहाना तो कभी हड़ताल। लेकिन ये बहानेबाजी अब ज्यादा देर तक नहीं चलने वाली। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सफाई कंपनियों को अन्तिम चेतावनी दी है कि वह 15 दिन के अंदर सफाई व्यवस्था में सुधार लाएं। वहीं खराब पड़े वाहनों को एक सप्ताह के अंदर ठीक करने के निर्देश दिए हैं। वाहन ठीक न कराए जाने पर उन्हें नीलाम कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी देहरादून द्वारा सफाई कम्पनियों की लापरवाही पर लगातार कार्रवाई और नोटिस जारी करने का नतीजा यह हुआ कि आज कम्पनी के प्रबन्ध निदेशक को देहरादून में डीएम के समक्ष उपस्थित होना पड़ा। जिलाधिकारी ने कम्पनी के प्रबन्ध निदेशक को सफाई व्यवस्था चुस्त दुरूस्त करने को लेकर अंतिम चेतावनी दी। कहा कि अपने वाणिज्यिक और आवासीय कूड़ा पृथक्कीकरण की योजना प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि अगले एक सप्ताह में उनके कूड़ा उठाने वाले वाहनों को भी ठीक कर संचालित किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक 2 दिन में एक कूड़ा डम्पिंग पॉइन्ट को साफ किया जाए।




