अपराध

अपमान का बदला लेने छात्रा को मारी थी गोली, फोटो पर कमेंट करने से बढ़ा विवाद

देहरादून। राजधानी देहरादून में सहस्त्रधारा रोड स्थित सिद्धार्थ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन की छात्रा को गोली मारने वाले आरोपी को आखिरकार पुलिस ने 24 घंटे के अंदर-अंदर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने अपमान का बदला लेने के लिए छात्रा की हत्या की थी। देहरादून के एसएसपी जन्मेजय खंडूड़ी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बृहस्पतिवार शाम सिद्धार्थ ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन से डी फार्मा कर रहे आरोपी आदित्य तोमर ने अपनी सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को रायपुर स्थित शिवगंगा एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया।

हरिद्वार के ज्वालापुर स्थित द्वारिका विहार की रहने वाली वंशिका बंसल व ईश्वर विहार सुंदरवाला रायपुर मूल निवासी ग्राम उनखेड़की जिला शामली उत्तर प्रदेश एक ही कालेज से डी फार्मेसी की पढ़ाई कर रहे थे। एक महीने पहले वंशिका ने इंटरनेट पर अपनी एक फोटो पोस्ट की थी। इस पर आदित्य ने कमेंट किया, जोकि वंशिका को पसंद नहीं आया और उसने आदित्य को इसके लिए टोका।इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। वंशिका ने कालेज में उसके परिचित सीनियर छात्रों से शिकायत की थी। सीनियर छात्रों ने आदित्य की मां को फोन कर इसकी जानकारी दी।

इसी बीच कालेज बंद हो गया। तीन मार्च को कालेज खुलने पर शाम को आदित्य की मुलाकात कालेज के गेट के सामने वंशिका से हुई और दोनों के बीच फिर से बहस हो गई। वंशिका ने फिर अपने परिचित सीनियर छात्रों को बुला लिया, जिन्होंने आदित्य की पिटाई की और वंशिका के पैर छूकर उससे माफी मंगवाई। इस बात को लेकर आदित्य गुस्से में आ गया और घर में रखे तमंचे को लेकर कालेज पहुंचा। कालेज के पास ही दुकान में जब वंशिका सामान लेने के लिए पहुंची तो दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। जिसके बाद आदित्य ने वंशिका को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button