देहरादून। बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का मौका मिलने जा रहा है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगा। इसमें 18 निजी क्षेत्र की कंपनियां भाग लेंगी और विभिन्न पदों के लिए कुल 904 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में देहरादून के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों के बेरोजगार युवा भी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्री-रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण कराया जा सकेगा।
मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार समेत कई कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
अभ्यर्थियों को मेले में अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाणपत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना होगा। सेवायोजन विभाग ने युवाओं से निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
दुबई में भी रोजगार का अवसर
सेवायोजन विभाग की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को दुबई में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार का अवसर भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए आइटीआइ अथवा आइटीआइ सर्टिफिकेट धारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह के अनुभव की शर्त और न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। विभाग के अनुसार योजना का उद्देश्य युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

More Stories
UKSSSC ने जारी किया भर्ती परीक्षा कैलेंडर, होंगी 14 बड़ी परीक्षाएं
कांस्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल का शेड्यूल जारी, 24 फरवरी से शुरू होगा फिजिकल
उत्तराखंड पुलिस में सिपाहियों के 2000 पदों पर निकली बंपर भर्ती, यहां करें आवेदन