देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए देहरादून, बागेश्वर, चमोली और पौड़ी गढ़वाल के जिलाधिकारियों ने 6 अगस्त 2026 (गुरुवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
देहरादून में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राष्ट्रीय आपदा अलर्ट पोर्टल और मौसम विभाग की चेतावनी के आधार पर आदेश जारी करते हुए कहा कि अगले 24 घंटे में जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने और अत्यंत तीव्र बारिश की संभावना है। संभावित जोखिम को देखते हुए सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसी प्रकार बागेश्वर में भी मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
चमोली जिले में भी भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित की है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, पौड़ी गढ़वाल में भी मौसम विभाग की चेतावनी के बाद 6 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। जिला प्रशासन ने कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी संबंधित अधिकारी आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। राज्य के अन्य जिलों में भी प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

More Stories
स्कूल खुलने से महज 15 मिनट पहले डीएम का आदेश, बारिश के चलते देहरादून में सभी स्कूलों में अवकाश
भारी बारिश का अलर्ट: उत्तराखंड के पांच जिलों में स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए आदेश
देहरादून में रेड अलर्ट के चलते कल सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, आदेश जारी