September 4, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

बुजुर्ग महिला की हत्या का 12 घंटे में खुलासा, घर में काम करने वाला नौकर गिरफ्तार

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में हुई 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला रेखा बंसल की हत्या का दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महज 3000 रुपये के लिए आरोपी ने बुजुर्ग महिला की हत्या की थी। पुलिस के अनुसार, हत्या की वारदात को घर में काम करने वाले नौकर ने अंजाम दिया था। बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर महिला से उसका विवाद हुआ था।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के मुताबिक, तीन सितंबर को दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की स्थिति गंभीर देखते हुए पुलिस ने तत्काल चिकित्सकों को बुलाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून तत्काल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि महिला और घर में काम करने वाले नौकर के बीच बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी ने वृद्धा के चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से उसका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी महिला के सोने के कड़े लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने कपड़े भी बदल लिए थे।

एसएसपी के निर्देश पर एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष संजीत कुमार की देखरेख गठित पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मृतका से लूटा गया कड़ा भी बरामद किया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

About Author