नामी बिल्डर सतेन्द्र साहनी आत्महत्या मामले में गिरफ्तार गुप्ता बंधुओं के ऊपर फेंकी स्याही, देखें वीडियो

देहरादून: देहरादून के नामी बिल्डर सतेंद्र सिंह साहनी की आत्महत्या मामले में गिरफ्तार अजय गुप्ता व उनके बहनोई के ऊपर कोर्ट परिसर के बाहर स्याही फेंक दी। स्याही फेंकने वालों में स्वराज सेवा दल के नेता रमेश जोशी व कार्यकर्ता शामिल थे। इसके बाद उन्होंने खूब हंगामा किया।
बिल्डर सतेंद्र सिंह साहनी आत्महत्या के मामले में आज दोनों की पेशी है। पूर्व में पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब जांच के बाद दोनों के ऊपर जबरन वसूली और धोखाधड़ी की धाराएं बढ़ाई गई हैं, जिसमें दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। दोनों आरोपी इस समय सुद्धोवाला जेल में बंद हैं, और बचाव पक्ष की ओर से सेशन कोर्ट में दोनों की जमानत को लेकर प्रार्थना पत्र भी दायर किया है।
साहनी इंफ्रास्ट्रक्चर व साहनी इंफ्रा के मालिक रेसकोर्स निवासी बिल्डर सतेंद्र सिंह साहनी उर्फ बाबा साहनी की ओर से वर्तमान में सहस्रधारा हेलीपेड के निकट और राजपुर रोड पर अम्मा कैफे के निकट दो आवासीय परियोजनाओं का निर्माण कराया जा रहा था। इसमें उनके दो पार्टनर थे। परियोजना का बजट काफी अधिक होने के कारण सतेंद्र साहनी ने अपने परिचित भाजपा नेता बलजीत सोनी से संपर्क कर उनकी परियोजना के लिए किसी बड़े फाइनेंसर की तलाश करने को कहा। बलजीत सोनी ने उनकी मुलाकात सहारनपुर के चर्चित कारोबारी अनिल गुप्ता से कराई। चूंकि, गुप्ता बंधु पूर्व में काफी विवादों में रह चुके हैं, ऐसे में सतेंद्र साहनी ने शर्त रखी कि परियोजना में बजट लगाने के बावजूद गुप्ता बंधु न तो निर्माण साइट पर आएंगे और न ही अपना नाम परियोजना की पार्टनरशिप में सार्वजनिक करेंगे। दोनों में इसका लिखित समझौता हो गया। परियोजना पर गुप्ता बंधुओं ने कुल लागत की 85 प्रतिशत धनराशि लगा दी।
आरोप है कि इसके बाद समझौते का उल्लंघन करते हुए अनिल गुप्ता के भाई अजय गुप्ता ने परियोजना के कार्यों में हस्तक्षेप कर साइट पर आना-जाना शुरू कर दिया। उन्होंने साइट पर अपना प्रतिनिधि भी नियुक्त कर दिया। आरोप है कि इसके बाद गुप्ता बंधुओं ने बिल्डर साहनी व उनके दो अन्य पार्टनर पर परियोजना उनके नाम पर करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जिसके बाद दोनों अन्य पार्टनरों ने परियोजना से हाथ खींच लिए।
आरोप है कि गुप्ता बंधुओं की धमकी से परेशान बिल्डर सतेंद्र साहनी पिछले शुक्रवार की सुबह रेसकोर्स स्थित आवास से किसी को बिना कुछ बताए चले गए और अपनी विवाहित बेटी के पैसेफिक गोल्फ अपार्टमेंट में आठवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में पहुंचे। कुछ देर बेटी से बातचीत की और इसके बाद साहनी बालकनी में खड़े हो गए। इससे पहले बेटी कुछ समझ पाती, तभी साहनी ने बालकनी से छलांग लगा दी। पिता को नीचे गिरा देख बेटी वहां पहुंची और अन्य लोगों व सुरक्षाकर्मियों की मदद से उन्हें मैक्स अस्पताल ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने साहनी को मृत घोषित कर दिया।
बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुलिस को दी गई तहरीर में दिवंगत बिल्डर सतेंद्र साहनी के बेटे रणबीर सिंह साहनी ने बताया कि उनके पिता को अनिल गुप्ता व उनका भाई अजय कुमार गुप्ता लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने 16 मई को पुलिस में शिकायत भी दी थी। अनिल गुप्ता व अजय कुमार गुप्ता उनके पिता पर दोनों परियोजना उनके नाम करने का दबाव डाल रहे थे। आरोपितों ने परेशान करने के लिए सहारनपुर में उनके पिता के खिलाफ एक झूठी शिकायत भी दी थी, जिसमें सहारनपुर पुलिस लगातार उनके पिता को पूछताछ के लिए बुला रही थी। शुक्रवार को भी सहारनपुर पुलिस ने सतेंद्र साहनी को पेश होने के लिए बुलाया हुआ था, जिसके कारण वह काफी घबराए हुए थे। आरोप है कि इसी कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली।




