देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर बड़ा नुकसान हुआ है। मसूरी उप जिलाधिकारी ने सोमवार (20 जुलाई 2026) को आदेश जारी करते हुए देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग को अगले आदेश तक सभी प्रकार के यातायात के लिए बंद कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, अतिवृष्टि के चलते देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क की स्थिति को देखते हुए आमजन की सुरक्षा और जान-माल की संभावित हानि से बचाव के लिए तत्काल प्रभाव से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने और मार्ग सुरक्षित घोषित किए जाने तक इस सड़क पर किसी भी प्रकार का परिवहन नहीं होगा।
उप जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, राजपुर थाना प्रभारी, कोतवाली मसूरी तथा लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। एसएसपी से संबंधित थाना प्रभारियों को मार्ग पर यातायात रोकने और व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
वहीं लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर क्षतिग्रस्त मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने तथा सुरक्षित होते ही सड़क को दोबारा खोलने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे देहरादून-मसूरी मार्ग पर यात्रा करने से पहले ताजा यातायात अपडेट अवश्य प्राप्त करें और सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की भी सलाह दी गई है।

More Stories
महिलाओं को अपशब्द कहने वाला राजेन्द्र गिरफ्तार, पौड़ी जिले का रहने वाला है आरोपी
दून अस्पताल की गायनी इमरजेंसी में बवाल, महिला सुरक्षा गार्ड घायल, वीडियो वायरल
कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये रिश्वत लेते नायब नाजिर गिरफ्तार