धर्म संस्कृति

पुलिस स्मृति दिवस : पुलिस शहीद कल्याण कोष में होगी दो करोड़ की धनराशि, आवास के लिए 100 करोड़, हर साल पुलिसकर्मियों के होगी स्वास्थ्य जांच

देहरादून: पुलिस स्मृति दिवस पर देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने पुलिस जवानों के लिए घोषणाएं भी की हैं। सीएम ने पुलिसकर्मियों के आवास की समस्या का समाधान करते हुए इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये देने का ऐलान भी किया। यह राशि पुलिस को तीन वर्षों में किश्तों में मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अब शहीद पुलिसकर्मियों से जुड़े अनुग्रह कोष में हर समय दो करोड़ रुपये रहेंगे, ताकि आकस्मिक स्थिति में स्वजनों को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जा सके।

कार्यक्रम में राजपत्रति पुलिस कर्मचारियों का वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस विभाग में मृतक आश्रितों की भर्ती संबंधी अड़चनों को दूर करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सीमाएं दो देशों व दो राज्यों से मिलती हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा होने के चलते उत्तराखंड बेहद संवेदनशील है। यहां की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाए रखने की जिम्मेदारी अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस बल की है। पुलिसकर्मी अपने उत्तरदायित्व को निभाने के लिए हर वक्त जीवन की आहूति देने के लिए तत्पर रहते हैं। कर्तव्यों के पालन में कई पुलिसकर्मी अपनी जान तक गवां देते हैं। सरकार की ओर से उनके स्वजनों को त्वरित रूप से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है, पर कई बार इस प्रक्रिया में देरी हो जाती है। यह धनराशि तत्काल मिले, इसके लिए पुलिस बलिदान कल्याण कोष में दो करोड़ रुपये अब हर समय रहेंगे।

2022-23 में इन चार जवानों ने दी ड्यूटी के दौरान आहुति

उप निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत, थाना चमोली : 19 जुलाई 2023 को चमोली में नमामि गंगे परियोजना सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट पर विद्युत करंट से एक व्यक्ति की मृत्यु होने पर मौके पर जाकर मृतक का पंचायतनामा भरते समय अचानक विद्युत करंट फैलने से उप निरीक्षक प्रदीप सिंह रावत की कर्तव्य पालन के दौरान मृत्यु हो गई।

सिपाही लक्ष्मण सिंह, पुलिस चौकी लालपुर, ऊधमसिंहनगर : पुलिस चौकी लालपुल में तैनात सिपाही लक्ष्मण सिंह छह नवंबर 2022 की रात पुलिस चौकी प्रभारी लालपुर के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान ट्रक चालक ने सिपाही लक्ष्मण सिंह को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। कर्तव्य पालन में गंभीर रूप से घायल सिपाही लक्ष्मण सिंह की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

सिपाही चमन सिंह तोमर, थाना बडकोट, उत्तरकाशी : नौ जुलाई 2023 को सिपाही चमन सिंह तोमर जनपद उत्तरकाशी डाबरकोट के डेंजर जोन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए तैनात थे। ड्यूटी के दौरान पहाड़ी से पत्थर गिरने पर पत्थर की चपेट में आने से चमन सिंह तोमर की मृत्यु हो गई।

सिपाही जवाहर सिंह, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार : कोतवाली रुड़की, हरिद्वार में तैनात सिपाही जवाहर सिंह की मुकदमों से संबंधित मालों का परिक्षण कराकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला देहरादून से वापस आते समय बिहारीगढ़ के पास सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button