देश विदेश

यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए पूर्व डीजीपी ने लिखी किताब ‘इंटरनेशनल रिलेशंस’

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार और एएसपी हिसार हरियाणा राजेश कुमार मोहन की ओर से लिखित किताब इंटरनेशनल रिलेशंस का विमोचन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने किया। शनिवार को राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि पुस्तक संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवाओं की परीक्षाओं में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों के लिए केंद्रित है। पुस्तक में अंतरराष्ट्रीय संगठनों, राजनयिक संबंधों, संघर्ष समाधान और वैश्विक शासन सहित विषयों की एक विस्तृत श्रृंखला शामिल है। इससे पहले पूर्व डीजीपी ने साइबर एनकाउंटर किताब लिखी थी, जोकि देशभर में काफी प्रचलित हुई और हजारों लोग साइबर ठगी से बचे। उनकी खाकी में इंसान किताब भी काफी सुर्खियाें में रही।

किताब के विमोचन के दौरान जानकारी देते राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि)।

पुस्तक का विमोचन करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक यूपीएससी की तैयारी करने वाले बच्चों के लिए एक बहुमूल्य संसाधन है और उन्हें इससे तैयारी करने में आसानी होगी। राज्यपाल ने कहा कि भारत अपने समृद्ध इतिहास और रणनीतिक स्थिति के साथ विश्व मंच पर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जैसे-जैसे भारत आर्थिक और रणनीतिक रूप से आगे बढ़ रहा है, अंतरराष्ट्रीय मामलों में हमारी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

किताब के विमोचन के दौरान उपस्थित राज्यपाल राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), पूर्व डीजीपी अशोक कुमार व अन्य।

उन्होंने कहा कि आज का नया भारत महत्वपूर्ण कठोर निर्णय लेने में कोई संकोच नहीं कर रहा है। भारत वर्तमान में अपनी दशकों पुरानी सुरक्षात्मक नीति को बदलते हुए अब अधिक स्पष्ट एवं आक्रामक नीति की ओर अग्रसर हो रहा है तथा विश्व पटल पर अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहा है।

किताब के बारे में जानकारी देते पूर्व डीजीपी अशोक कुमार।

विमोचन कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी ने कहा कि यह पुस्तक अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जटिल दुनिया को बहुत ही सरल और संक्षिप्त तरीके से समझाने का प्रयास करती है। पुस्तक यूपीएससी की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी। इस अवसर पर पुस्तक के लेखक अशोक कुमार एवं राजेश कुमार मोहन, पुस्तक के प्रकाशक आशुतोष, अलकनंदा अशोक सहित अनेक लोग और विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button