अपराध

मातम में बदली खुशी : क्लर्क बनने की खुशी में मिठाई बांटकर घर लौट रही युवती के ऊपर गिरी डीएवी कालेज की दीवार, मौके पर ही हुई मौत, छात्रसंघ नेताओं ने काटा हंगामा, प्रिंसिपल को सस्पेंड करने की उठी मांग

देहरादून: सरकारी नौकरी लगने की खुशी में कोचिंग इंस्टीट्यूट में मिठाई बांटकर घर लौट रही एक युवती के ऊपर डीएवी कालेज की दीवार गिर गई। गंभीर रूप से घायल युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उसके बड़े भाई को गंभीर चोटे आई हैं। इस हादसे की जानकारी छात्र संगठनों को मिली तो उनमें गुस्सा पनप गया। एनएसयूआइ, आर्यन और एबीवीपी से जुड़े छात्र कालेज परिसर में और प्राचार्य डा. केआर जैन के घर के बाहर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने हादसे के लिए कालेज प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए प्राचार्य से इस्तीफे की मांग की है। देर रात तक छात्रों का धरना-प्रदर्शन जारी था।

छात्र नेताओं का कहना है कि उन्होंने कालेज प्रबंधन के साथ सीएम पोर्टल पर जर्जर दीवार के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर शिकायत की थी, लेकिन किसी भी स्तर पर संज्ञान नहीं लिया गया। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए प्राचार्य के घर के बाहर नेहरू कालोनी, रायपुर, डालनवाला, राजपुर थाना पुलिस के साथ पीएसी को तैनात करना पड़ा।

डालनवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह के मुताबिक, देहरादून के जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर स्थित गांव कोटा तपलाड़ की रहने वाली सुष्मिता तोमर (22) पूर्व में करनपुर स्थित एक कोचिंग सेंटर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती थी। करीब एक माह पहले उसे उत्तरकाशी के पुरोला में शिक्षा विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर नियुक्ति मिली थी। यह खुशी कोचिंग सेंटर के शिक्षकों के साथ साझा करने के लिए सुष्मिता और उनका बड़ा भाई रघुबीर गुरुवार को दून आए थे। दोनों भाई-बहन मिठाई लेकर कोचिंग सेंटर पहुंचे। देर शाम वहां से वापस लौटते समय वह जैसे ही सर्वे चौक की तरफ डीएवी पीजी कालेज की दीवार के पास पहुंचे, तभी दीवार भरभराकर गिर गई।

सुष्मिता और रघुबीर उसके मलबे में दब गए। यह देखकर आसपास मौजूद लोग उनकी मदद के लिए दौड़े, साथ ही पुलिस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मलबे से निकाला और दून अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुष्मिता को मृत घोषित कर दिया। जबकि, गंभीर घायल रघुबीर तोमर का उपचार चल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button