अपराध

जनसेवा केंद्र में लूट का सीसीटीवी फुटेज आया सामने, दो बदमाशों ने दिखाया तमंचा, एक ने गल्ले से निकाले पैसे

देहरादून: पुलिस की सख्ती के वाबजूद बदमाशों में ख़ौफ़ नहीं दिख रहा। इसका जीता जागता उदाहरण रायपुर स्थित जनसेवा केंद्र में लूट है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बेखौफ बदमाश केंद्र में घुसे। दो बदमाशों के हाथ मे तमंचे थे, और दोनों ने केंद्र संचालक अरुण पाल को तमंचे दिखाए। इनमें से एक काउंटर चढ़ने के बाद गल्ले तक पहुंचा और अरुण पाल को धक्का देते हुए गल्ले से रुपये निकाली और तेजी से फरार हो गए। अरुण पाल ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश पर कुर्सी भी फेंकी लेकिन बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए। एसएसपी अजय सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साफ कहा कि किसी भी कीमत पर बदमाश बख्शे नहीं जाएंगे। उनको होली जेल में ही मनेगी।

रायपुर स्थित वाणी विहार भगत सिंह कालोनी में मंगलवार दोपहर पाल जनसेवा केंद्र में स्कूटी पर सवार तीन बदमाश धमके और केन्द्र संचालक अरुण पाल को तमंचे दिखाकर दो लाख रुपये लूट लिए। बदमाश जब स्कूटी से फरार हो रहे थे, तो अरुण पाल ने अपनी स्कूटी से उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आगे जाकर अरुण पाल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और फरार हो गए।

लूट की घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचे तीन बदमाशों में से दो ने मास्क लगाया हुआ था जबकि एक बिना मास्क का था। वहीं जिस स्कूटी से वह घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचे थे, पुलिस उसकी जांच कर रही है। स्कूटी का नंबर मिलने से पुलिस आसानी से बदमाशों तक पहुंच सकती है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button