सेहत

कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने से 125 लोग बीमार, सेहत मंत्री धन सिंह ने दिए जांच के आदेश

हरिद्वार: कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने से हरिद्वार में करीब 125 लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों को हरिद्वार के जिला अस्पताल, कनखल स्थित रामकिशन मिशन, भूमानंद और श्यामपुर कांगड़ी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीजों की संख्या बढ़ भी सकती है। जिलाधिकारी ने कुट्टू के आटे की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की बात जिलाधिकारी ने कही है।

पहले नवरात्र पर व्रत रखने वाले कई लोगों ने शनिवार रात में कुट्टू के आटे की पकौड़ी, रोटी और पूरी खाई। लेकिन रात में ब्रह्मपुरी में बहुत से लोगों को उल्टी, पेट खराब और कंपकंपी की शिकायत होने लगी। इसके बाद शनिवार रात करीब एक बजे इक्का-दुक्का मरीज जिला अस्पताल पहुंचने लगे। जिनका इलाज कर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया। रविवार तड़के चार बजे तक ब्रह्मपुरी और श्यामपुर कांगड़ी से ऐसे ही मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने लगी और लोग अलग-अलग अस्पताल पहुंचने लगे।

हरिद्वार में कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद बीमार हुए मरीजों को देखने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जिला अस्पताल पहुंचे। मंत्री इस घटना से खफा दिखे। उन्होंने कहा जो भी दोषी है वह व्यापारी हो या संबंधित विभागीय अधिकारी किसी को नहीं बख्शा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button