राजनीति

यूपी में योगी, पंजाब में आप की सरकार बनने के आसार

दिल्ली: देश के पांच राज्यों में संपन्न हुए चुनावों में सबसे अधिक चर्चा में जो राज्य है वह उत्तर प्रदेश। चुनाव शुरु होने के बाद से उत्तर प्रदेश में अटकलों का बाजार गर्म हो गया था कि क्या 2022 चुनाव में योगी फिर से बाजी मार सकेंगे, लेकिन सोमवार को जारी एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत से योगी सरकार बन रही है। यहां 12 में से 10 एग्जिट पोल्स में भाजपा को साफ तौर पर बहुमत मिलते दिखाया गया।

दूसरी ओर पंजाब में इस बार सत्ता की चाबी आम आदमी पार्टी के हाथों में जाती दिख रही है। एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार आप के भगवंत मान कांग्रेस व अकाली दल को पीछे छोड़कर पूर्ण बहुमत से पंजाब में सरकार बना रहे हैं। लंबे समय से पंजाब में जो राजनीतिक उठापटक चल रही थी, उसका सीधा फायदा आम आदमी पार्टी को मिला। दिल्ली के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी पूर्ण बहुमत से सरकार बना सकती है।

वहीं उत्तराखंड में भाजपा व कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर हो सकती है। एग्जिट पोल के आंकड़ों के अनुसार भी दोनों पार्टियां बराबरी पर हैं। ऐसे में यहां जोड़ तोड़ की राजनीति शुरू हो सकती है। सोमवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पार्टी के तमाम नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने जहां पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार आने का दावा किया वहीं कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर चुटकी भी ली।

मणिपुर में भी भाजपा का पलड़ा भारी
पोल ऑफ एग्जिट पोल्स के मुताबिक, मणिपुर में सत्तारूढ़ भाजपा दोबारा सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। वहीं, कांग्रेस को भाजपा के मुकाबले तकरीबन आधी सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। कुछ पोल्स में संभावना जताई गई है कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनेगी, लेकिन बहुमत के आंकड़े से दूर रहेगी। ऐसी स्थिति में एनपीएफ-एनपीपी समेत अन्य राजनीतिक दल राज्य में स्थिर सरकार बनाने में अहम किरदार निभा सकते हैं।

गोवा में कांग्रेस बना सकती है सरकार

एग्जिट पोल के अनुसार गोवा में कांग्रेस सरकार बना सकती है। गोवा के जो एग्जिट पोल जारी हुए हैं, उनसे साफ है कि 40 विधानसभा सीटों वाले इस राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर रह सकती है। नौ में से दो एग्जिट पोल्स में भाजपा को बढ़त दिखाई गई है, वहीं सात पोल्स में कांग्रेस आगे दिख रही है। इनमें से एक पोल में कांग्रेस बहुमत के आंकड़े के पार दिखाई गई है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button