एक्सक्लूसिव न्यूज़

Uttrakhand: डीजीपी अभिनव कुमार ने संभाला पद्भार, बोले अपराधियों के लिए काल बनेगी मित्र पुलिस, यह गिनाई प्राथमिकताएं

देहरादून: पुलिस विभाग के नए मुखिया अभिनव कुमार ने अपना पद्भार संभाल लिया है। आइपीएस अभिनव कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद जोशीले अंदाज में कहा कि बाहरी प्रदेशों से आकर उत्तराखंड में अपराध करने वालों के लिए उत्तराखंड पुलिस ‘मित्र पुलिस’ नहीं बल्कि ‘काल पुलिस’ बनेगी। उन्होंने कहा कि मित्र पुलिस सभ्य समाज के लिए बनाई गई है। बाहर से आकर और जेलों में बैठकर अपराध करने वालों को किसी भी रूप में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए डीजीपी अभिनव कुमार ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड शांत प्रदेश है। सुदृढ़ कानून व्यवस्था प्रदेश की पहचान है। इसलिए कानून व्यवस्था के मोर्चे पर कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। कहा कि ट्रेडिशनल पुलिसिंग के सिद्धांतों एवं सिखलाई को बरकरार रखते हुए नई चुनौतियों से डटकर सामना करेंगे। पुलिस को स्मार्ट बनाने की दिशा में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ड्रग्स के विरुद्ध कार्यवाही को और अधिक प्रभावी करना हमारी प्राथमिकता होगी। प्रदेश के प्राकृतिक रूप व आपदा की दृष्टि से संवदेनशील होने के चलते हम अपनी क्षमता को और अधिक बेहतर बनाएंगे। डीजीपी ने कहा कि स्थानीय जनता के साथ ही उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के साथ मित्रवत व्यवहार करके उनके लिए सुगम व्यवस्था बनाने पर जोर दिया जाएगा।

साइबर क्राइम पर रोकथाम के लिए उचित कदम उठाएंगे

डीजीपी ने कहा कि मौजूदा समय में साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। बढ़ते साइबर क्राइम पर रोकथाम लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे। महिला संबंधी अपराधों के संबंधी में संवेदनशीलता बढ़ाई जाएगी। इसके लिए हर स्तर के अधिकारी व कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। वहीं, पुलिसकर्मियों के कल्याण पर भी जोर रहेगा। उनके आवास, स्वास्थ्य व बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा प्राथमिकता में रहेंगी।

सिल्क्यारा आपरेशन पर एसडीआरएफ की पीठ थपथपाई

डीजीपी अभिनव कुमार ने सिल्क्यारा के सफल आपरेशन पर पूरी पुलिस फोर्स को बधाई दी। एसडीआरएफ की ओर से किए गए कार्यों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आपरेशन से सीख मिली है कि हमारी क्षमता कितनी है। इसे और बढ़ाया जाएगा। डीजीपी ने कहा कि यातायात की समस्या विकराल है, इसमे सुधार की कोशिश की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button