गजब डाॅगी प्रेम : यूक्रेन में फंसा युवक डॉगी के बिना नहीं लौटना चाहता उत्तराखंड, जानिए क्या है पूरा मामला

देहरादून: यूक्रेन व रूस के बीच युद्ध छिड़ा हुआ है। हर तरफ बम व गोलियां बरस रही हैं। हर भारतीय चाहता है कि उसकी जल्द से जल्द वतन वापसी हो। लेकिन यूक्रेन में उत्तराखंड का एक ऐसा युवक भी है, जोकि डॉगी के बिना उत्तराखंड नहीं लौटना चाहता। उत्तराखंड के देहरादून निवासी ऋषभ कौशिक खारकीव नेशनल यूनिवर्सिटी आफ रेडियो इलेक्ट्रानिक्स से साफ्टवेयर इंजीनियर की पढ़ाई कर रहा है।
उन्होंने एक डॉगी को पाला है, जिसका नाम मालीबू है। एंबेसी ने उनसे अकेले भारत जाने की बात कही तो उन्होंने अकेले जाने से पूरी तरह से इंकार कर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह मालीबू के बिना भारत नहीं जाएंगे। कहा कि उन्हें पता है कि यूक्रेन में हालात ठीक नहीं हैं। भारतीय दूतावास से यदि इजाजत मिलेगी तो वह दोनों भारत लौटेंगे। ऋषभ ने यह भी कहा उत्तराखंड के कई छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं, लेकिन एंबेसी सीधे मुंह बात तक नहीं कर रही है। वह उत्तराखंड लौटने के लिए हर जगह संपर्क कर चुके हैं, लेकिन अब तक निराशा ही हाथ लगी है।




