पहली बार महिला दारोगाओं के हाथ राजधानी की तीन चौकी की कमान, DGP के निर्देश का कप्तान ने लिया तत्काल संज्ञान

देहरादून: राजधानी में मंगलवार पुलिस विभाग के दो निर्णय इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हुए। पहला पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ का पहली बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष में महिला पुलिस कार्मिकों के साथ ओपन हाउस सेशन आयोजित हुआ, जिसमे सब इंस्पेक्टर से आईजी तक महिला पुलिस कार्मिकों के साथ डीजीपी का सीधा संवाद हुआ।

इस दौरान महिला कार्मिकों ने जहां व्यक्तिगत जीवन में संतुलन, मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन, कार्यस्थल की कार्यसंस्कृति तथा करियर विकास एवं अवसर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने अनुभव साझा किए वहीं डीजीपी ने महिला कार्मिकों की कार्य क्षमता को पहचानते हुए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। वहीं कुछ ही घंटों बाद डीजीपी के निर्देशों पर अमल करते हुए देहरादून जिले के कप्तान अजय सिंह ने तीन प्रमुख पुलिस चौकी की जिम्मेदारी महिला दारोगाओं को दी।

इनमें कैंट कोतवाली के अंतर्गत बिंदाल चौकी में महिला उपनिरीक्षक विनियता चौहान को तैनात किया गया है। यह चौकी अपराध के नजरिए से काफी संवेदनशील है। वहीं रीना वर्मा को डालनवाला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नालापानी जबकि डिफेंस कॉलोनी में पहले ही महिला उपनिरीक्षक तैनात है।




