September 12, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

Ukraine russia war: रोमानिया बार्डर पर भारतीय छात्रों से मारमीट, आंखों में डाला मिर्ची का स्प्रे

देहरादून: यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों के रोमानिया बार्डर पर पहुंचने पर वहां मौजूद नाइजीरिया व साउथ अफ्रीका के छात्रों की ओर से उनके साथ मारपीट व हाथापाई की गई। आरोप है कि उनकी आंखों में मिर्ची का स्प्रे भी डाला गया, जिसकी वजह से कई छात्रों के मोबाइल फोन व अन्य सामान वहीं छूट गया है। रुड़की के भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के नेता प्रदीप त्यागी ने यह जानकारी दी है।
प्रदीप त्यागी ने बताया कि ऋषिकेश निवासी उनकी भांजी तमन्ना रोमानिया बार्डर पर ही है। तमन्‍ना ने शनिवार की सुबह तड़के चार बजे घटना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लड़कियों की तो रोमानिया में सुरक्षित एंट्री हो गई है, लेकिन छात्रों को अभी भी यूक्रेन बॉर्डर पर रोका हुआ है। बता दें कि रूस व यूक्रेन के बीच युद्ध होने के चलते वहां हवाई सेवाएं बंद कर दी गई हैं। रूस में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों को वापस लाने के लिए विमान भेजा जा रहा है जोकि बार्डर तक ही जा पा रही है। ऐसे में नागरिकों को बार्डर पर बुलाया गया है, ताकि उन्हें आसानी से सुरक्षित ढंग से लाया जा सके। 
दूसरी ओर यूक्रेन में फंसे उत्तराखंड के छात्रों की रविवार से घर वापसी शुरू हो गई। यूक्रेन से विशेष विमान से प्रदेश के 15 छात्रों को मुंबई लाया गया। इसके बाद दिल्ली से उन्हें उनके मूल स्थानों को भेजा गया। यूक्रेन से लौटे उत्तराखंड के छात्रों का नई दिल्ली में उत्तराखंड के अपर स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा ने स्वागत किया। इस दौरान छात्रों के स्वजन व राज्य के सहायक प्रोटोकाल अधिकारी मनोज जोशी व दीपक चमोली भी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि वह लगातार विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं।

About Author