टिहरी गढ़वाल: एसएसपी श्वेता चौबे की ओर से अपराध नियंत्रण को लेकर दिए गए सख्त निर्देशों का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली चम्बा पुलिस ने करीब 2.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
23 अप्रैल 2026 को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों में तेजी लाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में कोतवाली चम्बा में दर्ज मुकदमे की जांच में सामने आया कि दिलीप सिंह बोहरा, प्यारे राम और सुरेंद्र सिंह नेगी द्वारा “बोहरा विकास निधि लिमिटेड” नाम से कंपनी पंजीकृत कर लोगों को निवेश के नाम पर झांसा दिया गया। बाद में कंपनी में नरेश रावत और सूरजमणि सेमवाल को भी डायरेक्टर बनाया गया। आरोप है कि इन लोगों ने मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स से अनुमति लिए बिना चम्बा में अवैध शाखा खोलकर स्थानीय लोगों से सावधि जमा के नाम पर करीब ढाई करोड़ रुपये एकत्रित किए और धन का गबन कर लिया।
विवेचना के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि चम्बा में संचालित उक्त शाखा पूरी तरह अवैध थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 25 अप्रैल 2026 को दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुरेंद्र सिंह नेगी निवासी श्यामपुर, ऋषिकेश को हरिद्वार जनपद के श्यामपुर क्षेत्र से तथा नरेश रावत निवासी शांतीनगर, ऋषिकेश को ऋषिकेश क्षेत्र से पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी ऋषिकेश और कोटद्वार में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज ममगाईं, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र नेगी, हेड कांस्टेबल सूर्यप्रताप सिंह और कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही।
एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की मेहनत की कमाई से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

More Stories
बिल्डर की गुंडागर्दी का डीएम ने लिया संज्ञान, गुंडा एक्ट में बुक, जिलाबदर की तैयारी
एसएसपी ने किए ताबड़तोड़ तबादले, 50 से अधिक निरीक्षक/उप निरीक्षक इधर-उधर
दून में भाजपा नेता को कार से कुचलने व पिस्टल की नोक पर अपहरण का प्रयास