February 18, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

सिडकुल में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज़ों का खेल, एसटीएफ का बड़ा खुलासा

देहरादून: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड ने राज्य में चल रहे सत्यापन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में फर्जी तरीके से संचालित एक जन सेवा केन्द्र का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी कर भारी मात्रा में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, मार्कशीट और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने सभी टीमों को राज्य में अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ विवेक कुमार के पर्यवेक्षण और पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के निर्देशन में निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में टीम ने 17 फरवरी 2026 को गंगवार जन सेवा केन्द्र पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान चेतन कुमार ग्राम एंचैरा थाना पटवाई जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार किया गया। वह कंप्यूटर पर फर्जी मार्कशीट तैयार करते हुए पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले एक वर्ष से यह जन सेवा केन्द्र चला रहा था। ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र सिडकुल के नजदीक होने के कारण बाहरी राज्यों से आए लोग यहां नौकरी के लिए स्थानीय पहचान पत्र बनवाने आते थे। सिडकुल में स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलने के चलते आरोपी फर्जी आधार कार्ड और मार्कशीट तैयार कर मुंहमांगे दाम पर उपलब्ध कराता था।

आरोपी एक सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन के जरिए ग्राहकों की फोटो लेकर नाम और पता एडिट कर फर्जी आधार कार्ड प्रिंट कर देता था। दुकान की तलाशी में 42 आधार कार्ड, 55 पैन कार्ड, 9 मार्कशीट, एक मॉनिटर, प्रिंटर, सीपीयू और बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक करीब 400 से 500 लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर चुका है।

एसटीएफ ने फर्जी तरीके से संचालित गंगवार जन सेवा केन्द्र को सील कर आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैम्प में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि राज्य में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About Author