July 11, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

उत्तराखंड को सॉफ्ट टारगेट ना समझे अपराधी, बाहरी राज्यों से आ रहे अपराधियों का इलाज हम करेंगे: डीजीपी

हरिद्वार: नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि अपराध व कानूनी व्यवस्था को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दूसरे राज्यों से आने वाले अपराधी उत्तराखंड को सॉफ्ट टारगेट ना समझे, उनसे निपटना हमें आता है, अपराधियों का इलाज किया जाएगा।

सिटी कंट्रोल रूम में अधीनस्थों की बैठक लेने के बाद मीडिया से बातचीत में डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि नया राज्य के बनने के बाद प्रदेश में तेजी से विकास हुआ है लेकिन इसके साथ ही उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों से अपराधियों ने उत्तराखंड का रुख किया। कहा कि उत्तराखंड पुलिस जनता के लिए मित्र पुलिस है और अपराधियों के लिए काल पुलिस है।

हरिद्वार में पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक करते डीजीपी अभिनव कुमार।

डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि मुझसे पूर्व भी कई अधिकारियों ने अच्छे कार्य किए हैं। उन प्रयासों को जारी रखते हुए यह प्रयास किया जाएगा कि उत्तराखंड पुलिस देश के नंबर वन पुलिस बनकर उभरे।

अंकिता भंडारी जैसे केस की पुनरावृत्ति ना हो:

अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि घटना से आमजन में महिला अपराधों के प्रति नकारात्मक छवि बनी। महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए विभाग की महिला पुलिसकर्मियों के प्रति भी अच्छा माहौल बनाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी क्राइम अजय गणपति, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, एएसपी लक्सर मनोज ठाकुर समेत जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना कोतवाली प्रभारी मौजूद रहे।

About Author