September 9, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

विजिलेंस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक दिन में दो रिश्वतखोर पकड़े

हरिद्वार में सरकारी योजनाओं की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, 35 हजार और 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

हरिद्वार: भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो रिश्वतखोर अधिकारियों को गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारियों पर सरकारी अनुदान और सब्सिडी से जुड़ी फाइलें आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दोनों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

पहली कार्रवाई में सतर्कता टीम ने नारसन ब्लॉक के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता युवा मंगल कल्याण दल चलाता है। दल को फूलों की खेती के लिए सरकार से मिलने वाली अनुदान राशि की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 35 हजार रुपये की उत्कोच धनराशि की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच की और ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार, 18 अगस्त को टीम ने आरोपी कुलदीप कुमार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कुलदीप कुमार निवासी आदर्श कॉलोनी, लक्सर है और वर्तमान में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, नारसन ब्लॉक, हरिद्वार के पद पर तैनात था।

वहीं, दूसरी कार्रवाई में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने खानपुर विकासखंड में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता के भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में आरोपी अधिकारी ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद सतर्कता टीम ने मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई की और हरिओम यादव को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हरिओम यादव पुत्र स्वर्गीय लाल सिंह निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल है और वर्तमान में सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर, जिला हरिद्वार के पद पर तैनात था।

एक ही दिन में दो अधिकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया। सतर्कता अधिष्ठान ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

About Author