Uttarakhand: प्रदेश में चारधाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बर्फबारी हुई, जिससे यहां पर्यटकों व किसानों के चेहरे खिल गए। वहीं पारा गिरने से ठंड भी बढ़ गई। दूसरी तरफ आज गुरुवार सुबह देहरादून सहित गढ़वाल और कुमाऊं के कई जिलों में बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कही-कही बारिश के साथ-साथ भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
कुमाऊं में जसपुर, रुद्रपुर, खटीमा, गढ़वाल में चमोली, पौड़ी व देहरादून और हरिद्वार सहित कई जिलों में सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है। आज ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों में कोहरे से राहत मिलेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी के पहले सप्ताह में अगर उत्तर-पश्चिम हवाओं की गतिविधि तेज रही तो ठंड का अहसास होगा, नहीं तो तापमान में कोई खास कमी देखने को नहीं मिलेगी। कुछ जिलों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है।

मौसम अब करवट बदलता रहेगा। आज जहां कई जगह पर बारिश हो रही है। वहीं कल दो फरवरी को मौसम साफ रहेगा। तीन फरवरी की रात मौसम एक बार फिर करवट लेगा और चार-पांच फरवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना यह भी है कि बारिश और बर्फबारी से तापमान पर कुछ ज्यादा असर नहीं पड़ेगा और मैदान से लेकर पहाड़ तक लोगों को सूखी ठंड से राहत मिलेगी।

More Stories
सड़क किनारे पत्थर बना ‘रक्षक’, तकनीकी खराबी के कारण बेकाबू हो गई थी बस
उत्तराखंड में आज से शुरू होगी सीएम युवा भविष्य निर्माण योजना, घर बैठे मिलेगी कोचिंग
बिना मान्यता संचालित मदरसों पर धामी सरकार की कार्रवाई, दून और हल्द्वानी में कराए बंद