देहरादून। दून अस्पताल की गायनी इमरजेंसी में रविवार तड़के इलाज को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। तीमारदारों और अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों के बीच हुई मारपीट में महिला सुरक्षा गार्ड, वार्ड आया समेत चार कर्मचारी घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, गायनी इमरजेंसी में उपचार के दौरान किसी बात को लेकर तीमारदारों और सुरक्षा कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि महिला सुरक्षा गार्ड पर बोतल से हमला किया गया, जबकि वार्ड आया और दो अन्य सुरक्षा कर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया।
मरीज के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर इलाज नहीं मिला। उनका कहना है कि बिना जरूरत यूरिन प्रेग्नेंसी टेस्ट (यूपीटी) कराने के लिए कहा गया और विरोध करने पर कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया। इसी के बाद विवाद बढ़ गया। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि गायनी इमरजेंसी में यूपीटी जांच उपचार प्रक्रिया का नियमित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल है। इससे मरीज की स्थिति के अनुरूप सुरक्षित उपचार सुनिश्चित किया जाता है।
प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में चिकित्साकर्मियों और सुरक्षा कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा स्वीकार नहीं की जाएगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
विजिलेंस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एक दिन में दो रिश्वतखोर पकड़े
सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर रिश्वत लेते कोटद्वार निवासी कृषि अधिकारी गिरफ्तार
लापरवाही पर JE पर गिरी गाज, एमडी (यूपीसीएल) ने किया सस्पेंड, करंट लगने से मां-बेटी की हुई थी मृत्यु