रोजगार समाचार

UKSSSC ने जारी किया भर्ती परीक्षा कैलेंडर, होंगी 14 बड़ी परीक्षाएं

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के पदों पर होने वाली सीधी भर्ती परीक्षाओं का विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी इस कैलेंडर में विभिन्न विभागों के 14 भर्ती विज्ञापनों और परीक्षाओं की संभावित तिथियां घोषित की गई हैं। इससे प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों को आगामी भर्तियों की तैयारी के लिए स्पष्ट दिशा मिल गई है।

आयोग के सचिव की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले 72 of पदों पर वाहन चालक भर्ती परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद 416 पदों पर स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा 14 जून तथा 57 पदों पर विशेष तकनीकी अर्हता से संबंधित विभिन्न पदों की परीक्षा 28 जून को प्रस्तावित की गई है।

कैलेंडर के मुताबिक पशुधन प्रसार अधिकारी (पशुपालन विभाग) के 120 पदों के लिए विज्ञापन 8 मई को जारी होगा, जबकि परीक्षा 12 जुलाई 2026 को होगी। कृषि विभाग से संबंधित इंटरमीडिएट एवं स्नातक स्तर के 93 पदों की परीक्षा 26 जुलाई को प्रस्तावित है।

आयोग ने सहायक लेखाकार के 305 पदों की परीक्षा 23 अगस्त को कराने की योजना बनाई है। वहीं वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 20 सितंबर से शुरू होगी। सबसे अधिक 569 पद सामान्य इंटर स्तर भर्ती के लिए प्रस्तावित किए गए हैं। इन पदों के लिए विज्ञापन 14 जुलाई को जारी होगा और परीक्षा 4 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा वैयक्तिक सहायक, आईटीआई/डिप्लोमा अर्हता, विज्ञान वर्ग, स्नातक स्तरीय तथा विशिष्ट अर्हता से संबंधित विभिन्न पदों की परीक्षाएं अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होंगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन और परीक्षा की तिथियां प्रस्तावित हैं तथा प्रशासनिक परिस्थितियों के अनुसार इनमें परिवर्तन संभव है। साथ ही रिक्त पदों की संख्या भी घट-बढ़ सकती है।

भर्ती कैलेंडर जारी होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है। लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं को अब तैयारी के लिए पर्याप्त समय और स्पष्ट शेड्यूल मिल गया है। आयोग का यह कदम भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button