August 9, 2026

GarhNews

Leading News Portal of Garhwal Uttarakhand

दुखद: बहन के साथ पैदल जा रही ग्राफिक एरा की बीटेक की छात्रा को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत

देहरादून: क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र के चार खंभा चौक के पास रविवार रात सड़क हादसे में 18 वर्षीय बीटेक छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अपनी बड़ी बहन के साथ पैदल कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए मिक्सर ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा ट्रैक्टर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:45 बजे थाना क्लेमेनटाउन को चार खंभा चौक के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। बताया गया कि मिक्सर ट्रैक्टर ने एक युवती को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को एंबुलेंस से वेलमेड अस्पताल भेजा गया। हालांकि, उपचार शुरू होने से पहले ही डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पुलिस को मृतका की बड़ी बहन कृतिका रावत मिली। उन्होंने पुलिस को बताया कि वैष्णवी रावत निवासी पटेल नगर, शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास, दिल्ली की रहने वाली थी। वैष्णवी देहरादून स्थित ग्राफिक एरा में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा थी।
कृतिका के अनुसार, दोनों बहनें चार खंभा चौक से पैदल अपने कमरे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे मिक्सर ट्रैक्टर ने वैष्णवी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह ट्रैक्टर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि स्वजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। रात अधिक होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

About Author