
देहरादून: महंगे शौक पूरे करने के लिए एक युवक चरस तस्कर बन गया। कालसी से वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए देहरादून आया था, लेकिन उसने बाइक, ब्रांडेड कपड़ों का शौक पाला। शनिवार को उसे रायपुर थाना पुलिस ने 540 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष प्रदीप नेगी ने बताया कि शनिवार रात को पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रायपुर में एक युवक चरस तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जसवीर तोमर निवासी ग्राम बीनो कालसी उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह कालसी का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से देहरादून में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कर रहा है। देहरादून में चरस की अधिक मांग होने तथा अपने महंगे शौक को पूरा करने के लिए वह पहाडी क्षेत्रों से चरस सस्ते दामों में खरीदकर देहरादून में थोडी-थोड़ी मात्रा में नशे के आदि व्यक्तियों को महंगे दामों में सप्लाई करता था। इसके एवज में उसे अच्छी कीमत आसानी से मिल जाती थी। आरोपित को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।




