अपराध

महिलाओं को अपशब्द कहने वाला राजेन्द्र गिरफ्तार, पौड़ी जिले का रहने वाला है आरोपी

ग्राम भरगढी पोस्ट बजवाड पौडी गढ़वाल का रहने वाला है राजेन्द्र, पहले भी कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत को कहे थे अपशब्द

देहरादून: फेसबुक पर महिलाओं को अपशब्द कहने वाले आरोपी राजेंद्र सिंह रावत निवासी ग्राम भरगढी पोस्ट बजवाड पौडी गढ़वाल वर्तमान निवासी इन्द्रापार्क, नई दिल्ली को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया है। महिलाओं में काफी रोष होने तथा उससे सामजिक सौहार्द व शांति व्यवस्था भंग होने की संभावना को देखते हुए उसे कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

प्रदेश मंत्री महिला भाजपा नेहा शर्मा ने शनिवार को डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी कि फेसबुक पर पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी नाम से संचालित एक अकाउंट के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति एवं महिलाओं के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक व अश्लील शब्दों का प्रयोग किया गया है। इस प्रकार की भाषा न केवल महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर सीधा आघात है, बल्कि समाज में वैमनस्य, तनाव एवं महिलाओं के प्रति घृणा का वातावरण उत्पन्न करने का भी प्रयास है।

आरोपी के फेसबुक आईडी से यह भी सार्वजनिक रूप से साझा किया गया है कि संबंधित व्यक्ति देहरादून आने वाला है। यदि यह जानकारी सही पाई जाती है, तो पुलिस प्रशासन आवश्यक सतर्कता बरतते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करे। संबंधित व्यक्ति की वास्तविक पहचान स्थापित कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उत्तराखंड की मातृशक्ति का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान पर आघात लोकतांत्रिक मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति के सर्वथा विपरीत है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र गहलावत को तत्काल आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। शनिवार रात को ही पुलिस की एक टीम दिल्ली भेजी गई, जहां से पुलिस टीम आरोपित को देहरादून लेकर आई। आरोपी की ओर से अपशब्द कहने वाली पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर जमकर प्रसारित हो रही है। इस पोस्ट पर तरह की तरह की टिप्पणियां की जा रही है। आरोपी के इस कृत्य पर लोग जमकर अपनी भड़ास भी निकाल रहे हैं।

इससे पूर्व भी आरोपी ने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के विरुद्ध अपशब्द कहे थे, उस समय भी उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी राजेंद्र सिंह की ओर से फेसबुक पर प्रसारित की गई पोस्ट जब तेजी से फैलने लगी तो उसने सार्वजनिक तौर पर मांफी मांग ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button